प्रदेश में मौत का तांडव जारी, औसतन हर रोज हो रही 4 दर्जन हत्याएं: सांसद
किसान, छात्र और अपराध के सवाल पर 21 दिसंबर को होगा जाप (लो) का राजभवन मार्च
पटना, 17 दिसम्बर 2018: सूखा़ व किसान, अपराध के तांडव, मेडिकल – एजुकेशन माफिया और गंगा के कटाव से पीडि़त लोगों के सवाल पर जन अधिकार पार्टी (लो) 21 दिसंबर को राजभवन मार्च करेगी। इस बात की जानकारी आज पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक सह सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अपने पटना स्थित मंदिरी आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी।

उन्होंने कहा कि बिहार में न किसानों की हालत अच्छी है, न लोग सुरक्षित हैं। मेडिकल और एजुकेशन माफिया की चांदी है, जिसे सरकार का समर्थन मिलता है। इसलिए जन अधिकार पार्टी इनके खिलाफ 21 दिसंबर को राजभवन मार्च करेगी। साथ ही इन मुद्दों को लेकर वे सदन भी में उठायेंगे। इसके अलावा पार्टी अपराध व किसानों के सवाल पर पार्टी प्रदेश भर में चरणबद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो बिहार बंद भी किया जायेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि पूरा बिहार सूखा के चपेट में है। लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है। हद तो तब हो गई, जब एक कमिश्नरी के एक जिले को सूखाड़ घोषित किया जाता है, जबकि उसी कमिश्नरी के दो जिले को यूं ही छोड़ दिया गया। सांसद ने कहा कि जहां देश किसानों के सवाल पर आंदोलन मोड में है, वहीं बिहार इस पर भी मार्केटिंग कर रही है।






