Congress Vs BJP:
लखनऊ, 19 मई 2020: योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रवासी गरीब मजदूरों को प्रताड़ित कर रही है और अनर्गल राजनीति करने में जुटी है। प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह गरीब मजदूर विरोधी है। ये बातें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पत्रकारों के साथ बातचीत में कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मंशा मजदूरों को लेकर पूरी तरह साफ है। कई राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को ट्रेनों से उनके घरों तक पहुंचाने के लिए श्रमिकों के टिकट की व्यवस्था कांग्रेस पार्टी ने कराई है और करा रही है।
उन्होंने कहा कि इस आपदा में सबसे अधिक शर्मनाक यह है कि अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी की तरफ से सोमवार की रात्रि में तकनीकी शर्तों के साथ पत्र लिखकर कहा गया कि मंगलवार सुबह 10 बजे तक वृन्दावन योजना लखनऊ के सेक्टर 15 एवं 16 में बसों को जिलाधिकारी लखनऊ को सौंपें। फिर गाजियाबाद और नोयडा सौंपने की बात कही गयी। अब जब बसें बार्डर पर पहुंच रही हैं तो स्थानीय प्रशासन कह रहा है कि उन्हें ऊपर से कोई सूचना नहीं है। एक तरफ मुख्य सचिव यह फरमान देते हैं कि बसों को नोएडा, गाजियाबाद ले आओ दूसरी तरफ हमारी बसों को यूपी में घुसने से मना किया जा रहा है। यह राज्य सरकार की तानाशाही का चरम नमूना है।







