शिवपाल बोलें: जो काम करेंगे डंके की चोट पर, नेता जी का आशीर्वाद लेकर बनाया समाजवादी सेक्युलर मोर्चा
लखनऊ, 16 सितम्बर 2018: शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी से चुनाव लड़ाएगा। राज्य की शेष अन्य सीटों पर दूसरे प्रत्याशी मैदान में उतरेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरा आफर है नेताजी मोर्चा के अध्यक्ष की कमान संभालें। हम उनके नेतृत्व में काम करेंगे।
बता दें कि शिवपाल सिंह यादव शनिवार को यहां अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहुत इंतजार के बाद मैंने नेताजी का आशीर्वाद लेकर ही सेक्युलर मोर्चा बनाया है। जब मुझे समाजवादी पार्टी की बैठकों और विधानमण्डल दल की बैठक में नहीं बुलाया जाता तो बहुत सोच कर निर्णय लिया। अब कदम पीछे खींचने का सवाल ही नहीं है। जो काम करेंगे डंके की चोट पर।
शिवपाल ने कहा कि सेक्युलर मोर्चा का मैं संयोजक हूं। मेरा आफर है कि नेताजी इस मोर्चा का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा मोर्चा की पहली सीट की घोषणा है मैनपुरी में नेताजी को चुनाव लड़ाएंगे। राज्य की शेष 79 लोस सीटों पर प्रत्याशी तय कर लोकसभा चुनाव में उतारेंगे। खुद के लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर शिवपाल ने कहा, मैंने सीट तो तय नहीं की है। यदि लड़ा तो पश्चिम, पूरब या अपनी बेल्ट कहीं से भी चुनाव लड़ सकता हूं।
आयोग में पार्टी का जल्द कराएंगे पंजीकरण :
श्री यादव ने कहा जल्द ही जिलों से लेकर प्रदेश स्तर पर संगठन तैयार करेंगे। चुनाव आयोग में पंजीकरण के लिए पार्टी का नया नाम, झण्डा और चुनाव चिह्न सभी कुछ जल्द तय करेंगे। उन्होंने कहा कि मोर्चा के बैनर तले समान विचारधारा के लोगों को जोड़ेंगे। सबको एकत्र करेंगे। इस सम्बंध में पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव और फार्वड ब्लाक के नेता देवब्रत विास से बात हुई है। इसी सिलसिले में रविवार (कल) फैजाबाद में वामसेफ के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा हूंं।







