90 के दशक की बॉलीवुड की रंगीन दुनिया को फिर से जीने का मौका
मुंबई, 28 अक्टूबर 2025: बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्मों में शुमार ‘रंगीला’ एक बार फिर दर्शकों के दिलों में रंग भरने को तैयार है। राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक म्यूज़िकल ड्रामा, जिसमें आमिर खान, उर्मिला मातोंडकर और जैकी श्रॉफ ने दमदार अभिनय किया था, 28 नवंबर 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज़ होगी। इस बार अल्ट्रा मीडिया एंटरटेनमेंट के “अल्ट्रा रिवाइंड” इनिशिएटिव के तहत फिल्म को 4K रिस्टोर्ड वर्ज़न में पेश किया जाएगा, जो नई टेक्नोलॉजी के साथ 90 के दशक की इस क्लासिक को और जीवंत बनाएगा।
1995 में रिलीज़ हुई ‘रंगीला’ ने अपने ज़माने में न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था, बल्कि ए.आर. रहमान के संगीत ने इसे एक कल्ट क्लासिक बना दिया। “तन्हा तन्हा”, “हाय रामा” और “याई रे” जैसे गाने आज भी उतने ही ताज़ा हैं। 4K रिस्टोरेशन और इमर्सिव साउंड के साथ दर्शक मुनि की सपनों की दुनिया, राज के जज़्बात और टपोरी शिवनाथ की मस्ती को बड़े पर्दे पर फिर से जी सकेंगे।

राम गोपाल वर्मा ने इस मौके पर कहा, “रंगीला सिर्फ़ एक फिल्म नहीं, बल्कि सपनों और जुनून की कहानी है। यह फिल्म दिखाती है कि एक आम इंसान भी अपनी मेहनत से बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है। 4K में इसे दोबारा देखना मेरे लिए भी उत्साहजनक है।”
अल्ट्रा मीडिया के सीईओ सुशील कुमार अग्रवाल ने बताया, “हमारा मकसद भारतीय सिनेमा की धरोहर को संजोना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ‘रंगीला’ इस दिशा में हमारा एक और कदम है।”क्यों खास है यह रिलीज़? 4K रिस्टोरेशन: बेहतरीन विज़ुअल क्वालिटी और डीटीएस:एक्स साउंड के साथ थिएटर का अनुभव होगा बिल्कुल नया।
नॉस्टैल्जिया का तड़का: 90 के दशक की बॉलीवुड की रंगीन दुनिया को फिर से जीने का मौका।
नई पीढ़ी से कनेक्ट: अल्ट्रा रिवाइंड का लक्ष्य है क्लासिक फिल्मों को आज के दर्शकों के लिए रिलेवेंट बनाना।
‘रंगीला’ की यह री-रिलीज़ सिर्फ़ एक फिल्म की वापसी नहीं, बल्कि उस दौर की यादों का सेलिब्रेशन है, जब बॉलीवुड ने मॉडर्न सिनेमा की नींव रखी थी।







