नयी दिल्ली, 12 अक्तूबर : दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए एक नयी पेशकश दीवाली धन धना धन की घोषणा की है। इसके तहत उसके ग्राहक 399 रपये का रिचार्ज करवाकर मौजूदा फायदों को आगे तीन महीने भी जारी रख सकेंगे।
सूत्रों के अनुसार कंपनी यह प्रीपैड पेशकश अग्रिम रिचार्ज की तरह काम करेगी। जियो के ग्राहक 399 रपये का रिचार्ज करा कर मौजूदा किफायती शुल्क दरों व फायदों का लाभ आगे उठा सकते हैं। इसके लिए रिचार्ज 12 से 18 अक्तूबर के बीच करवाना होगा और ग्राहक को तीन महीने मुफ्त वॉयस कॉलिंग, मुफ्त एसएमएस का फायदा मिलेगा। ग्राहक रोजाना एक जीबी डेटा इस्तेमाल कर सकेंगे।
जियो यह पेशकश दीपावली से पहले ऐसे समय में लाई है जबकि भारती एयरटेल ने कल ही कुछ प्लान के साथ सस्ती प्रभावी लागत वाला 4जी स्मार्टफोन पेश करने की घोषणा की है। इससे दूरसंचार बाजार में प्रतिस्पर्धा की लडाई एक बार फिर जोर पकड सकती है।
हालांकि जियो के प्रवक्ता ने इस बारे में टिप्पणी से इनकार किया।
सूत्रों का कहना है कि इस पेशकश में रिलायंस जियो ने सौ प्रतिशत कैशबैक का भी वायदा किया है। यानी 399 रपये के रिचार्ज पर ग्राहक को 50 रपये के आठ वॉउचर मिलेंगे। इन वाउचर को 15 नवंबर के बाद 309 रपये से अधिक के रिचार्ज पर एक एक कर के भुनाया जा सकता है। साथ ही 99 रपए से अधिक के डेटा एड-आॅन पर भी इन्हें इस्तेमाल किया जा सकता है।







