महापर्व कुम्भ की थीम पर होगा गोमतीनगर में भव्य आयोजन
देश भर के प्रकाशकों के बीच होंगे सूबे के ग्यारह जिलों के बच्चों के विविध कार्यक्रम
लखनऊ, 30 जनवरी 2019: संगीत नाटक अकादमी गोमतीनगर में 1 फरवरी से शुरू होने वाले वार्षिक लखनऊ पुस्तक मेला एवं अंकुरम शिक्षा महोत्सव की इस वर्ष की थीम ‘महापर्व कुम्भ’ है। मेले का उद्घाटन शाम पांच बजे होगा। आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले प्रकाशक एवं 11 जिलों से आने वाले सरकारी विद्यालयों के बच्चे विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर इस थीम और आयोजन को सार्थक सिद्ध करेंगे।
इस आयोजन के मुख्य आकर्षण पुस्तक विमोचन, लेखक मंच, सतरंगी प्रदर्शनी, सतरंगी कला प्रदर्शन मंच, ओपन माइक सेशन, बच्चों के विभिन्न कार्यक्रम, कठपुतली शो, लोक संस्कार गीत, स्टोरी प्ले, अवधी भाषा में स्टैंड-अप कॉमेडी, कवि सम्मेलन व मुशायरा आदि होंगे।
शीरोज हैंगआउट गोमतीनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में लखनऊ पुस्तक मेला के संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने मीडिया को बताया कि लखनऊ पुस्तक मेले में इस वर्ष थीम के अनुरूप ही प्रकाशकों को आमंत्रित किया गया है, साथ ही अंकुरम शिक्षा महोत्सव भी दसों दिन विविध कार्यक्रमों के साथ चलेगा। सहसंयोजक आकर्ष चंदेल ने बताया कि इस पुस्तक मेले में सड़क सुरक्षा सप्ताह भी मनाया जाएगा जिससे मेले में आने वाले आगंतुकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
मेले में श्री राम ग्लोबल स्कूल नॉलेज पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहा है। निःशुल्क प्रवेश वाला यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक चलेगा।






