लखनऊ 31 मार्च। बीबीडी ग्रुप द्वारा आज डा. अखिलेश दास गुप्ता की 57वीं जयंती ‘अखिल ज्योत’ के माध्यम से मनायी गयी इस अवसर पर बीबीडी समूह की चेयरपर्सन श्रीमती अलका दास गुप्ता, अध्यक्ष श्री विराज सागर दास, उपाध्यक्ष कु. सोनाक्षी दास, चीफ एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आरके अग्रवाल, पूर्वा गुप्ता, अंकित जैन व बीबीडी के वाइस चांसलर प्रो. ए.के. मित्तल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर समूह की चेयरपर्सन श्रीमती अलका दास गुप्ता ने कहा कि मेरे पति स्व. डा. अखिलेश दास गुप्ता ने समाज के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए गर्मियों में प्याऊ लगवाया तो सर्दियों में अलाव की व्यवस्था की। मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस चलवाये तो ब्लड की कमी न हो इसके लिए बहुत सारे ब्लड डोनेशन कैम्प भी आयोजित करवाये। मलिन बस्तियों में स्वयं जाकर उनके उत्थान के लिए हमेशा खड़े रहने वाले डा. अखिलेश दास गुप्ता के कार्यों को हमें आगे बढ़ाना है।

इस अवसर पर समूह के अध्यक्ष विराज सागर दास ने कहा कि पिछला एक साल बहुत मुश्किलों भरा रहा। मैं सोचता रहा कि पिताजी के जाने के बाद मैं इतनी बड़ी जिम्मेदारी कैसे निभाऊंगा परन्तु बीबीडी परिवार के सहयोग व लखनऊवासियों के सहयोग, स्नेह व प्यार से मैं जिम्मेदारी का निर्वहन कर पा रहा हूं। कठिनाइयां जीवन में आती-जाती रहती हैं। मुझे उम्मीद है कि पिताजी के जाने के बाद इसी तरीके का आप सबका स्नेह व प्यार मिलता रहेगा। चाहे वो खेल जगत हो या शिक्षा का क्षेत्र हो, मैं समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करता रहूंगा।
श्री सागर ने कहा कि गु्रप को बनाने के लिए जिस मेहनत और ईमानदारी से आप सभी पिछले बीस वर्ष खड़े रहे वैसे ही अब मेरे साथ बीस साल तक चलिये तो हम ‘‘बीबीडी समूह’’ को भारत का एक महान समूह बना देंगे। हमने विपरीत परिस्थितियों में पूज्य पिताजी डा. अखिलेश दास गुप्ता की विरासत को सम्भाला है, उनके सपनों को साकार करना हमारा धर्म ही नहीं वरन कर्म भी है। अध्यक्ष विराज सागर दास ने कहा कि मेरे पिता को शहर के लेाग बहुत चाहते थे।
उनको लोगों ने बहुत सहयोग भी दिया। उन्होने जो कार्य शुरू किये या उनेक मन में जो भी आशंकाएं थीं शहर को लेकर, प्रदेश को लेकर, उन्होने जो सपने बुने थे उन सपनों को साकार करने के लिए हम और हमारा पूरा गु्रप पूर्ण प्रयास करेगा। अब पूज्य पिताजी स्व. डा. अखिलेश दास गुप्ता एवं बाबा स्व. बाबू बनारसी दास का मिशन हमारा मिशन है। श्री विराज सागर दास ने अपने पिताजी के उन ऐतिहासिक पलों की यादें ताजा करते हुए कहा कि मेरे पिता केा विरासत में मिली राजनीति, खेल का शौक, शिक्षा के प्रति जबर्दस्त जज्बा ही बीबीडी समूह की नींव का कारण बना। वर्ष 1993 में वे लखनऊ के सबसे युवा मेयर बने उनके कार्यकाल को लखनऊ के विकास का कार्यकाल कहा जाता है।
अखिलेश दास गुप्ता की 57 वी जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
लखनऊ, 31 मार्च। बीबीडी बैडमिंटन अकादमी, विपिन खंड, गोमती नगर,लखनऊ में स्वर्गीय डॉक्टर अखिलेश दास गुप्ता के 57 वी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में खिलाड़ियों, कोचेस तथा अभिवावकों ने स्वर्गीय डॉक्टर अखिलेश दास गुप्ता को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

इस दौरान उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव श्री अरुण कक्कड़, कोषाध्यक्ष डॉक्टर सुधर्मा सिंह, संयुक्त सचिव श्री राजेश सक्सेना सहित उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन सहित सभी कर्मचारी व खिलाड़ियों के अभिवावक भी मौजूद थे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव श्री अरुण कक्कड़ ने स्वर्गीय डॉक्टर अखिलेश दास गुप्ता जी के बैडमिंटन में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया तथा खिलाड़यों ने आपस में बैडमिंटन खेला।






