दुबई/मुंबई: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की वैश्विक लोकप्रियता अब दुबई के स्काईलाइन पर चमकने वाली है। डेन्यूब प्रॉपर्टीज़ ने एक अनूठे सहयोग की घोषणा करते हुए ‘शाहरुखज़ बाय डेन्यूब’ नामक 55 मंजिला लग्ज़री बिज़नेस टावर का उद्घाटन किया है। यह टावर शेख जायद रोड के दिल में स्थित होगा और दुनिया भर के उद्यमियों, इनोवेटर्स तथा विज़नरी लीडर्स के लिए एक आदर्श व्यावसायिक केंद्र बनेगा।
यह परियोजना शाहरुख खान और डेन्यूब ग्रुप के फाउंडर रिज़वान साजन की 33 सालों की मेहनत व सफलता की कहानी को सम्मानित करती है। दोनों ही व्यक्तित्व चुनौतियों से उबरकर शिखर तक पहुंचने के प्रतीक हैं, और यह टावर उनकी साझा दृष्टि – महत्वाकांक्षा, नवाचार और निरंतर प्रगति – को मूर्त रूप देता है।मुंबई में एक भव्य इवेंट में शाहरुख खान और रिज़वान साजन ने संयुक्त रूप से इसकी लॉन्चिंग की।
कार्यक्रम में सैकड़ों गणमान्य अतिथि मौजूद थे, जिनमें बिज़नेस टाइकून, इन्फ्लुएंसर्स, निवेशक, क्रिएटिव प्रोफेशनल्स और मीडिया की प्रमुख हस्तियां शामिल थीं। यह आयोजन रियल एस्टेट जगत की इस साल की सबसे चर्चित घटना बन गई।शाहरुख खान ने उत्साह से कहा: “दुबई जैसे सपनों के शहर में मेरे नाम पर एक आइकॉनिक स्ट्रक्चर खड़ा होना मेरे लिए अविश्वसनीय सम्मान की बात है। यह शहर हमेशा मेरी प्रेरणा रहा है, जहां हर सपना हकीकत बन सकता है। डेन्यूब के साथ यह पार्टनरशिप मेरे लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि यह ब्रांड भी उत्कृष्टता और दृढ़ संकल्प की मिसाल है।”
टावर में आधुनिक ऑफिस स्पेस, प्रीमियम सुविधाएं और दुबई की चमकदार लाइफस्टाइल का संगम होगा, जो इसे वैश्विक बिज़नेस हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।







