- परीक्षा शुल्क में भी कोई वृद्धि नहीं
- सिलेबस प्रश्नों के पैटर्न व भाषा के विकल्प में कोई बदलाव नहीं
- कंप्यूटर आधारित इन परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को मिलेगी अभ्यास की निशुल्क सुविधा
नई दिल्ली, 08 जुलाई 2018। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने घोषणा की है कि अगले साल से मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन एक वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी। नीट की परीक्षा हर साल फरवरी और मई माह में आयोजित होगी। जबकि जेईई मेंस की परीक्षा हर साल जनवरी और अप्रैल में कराई जाएगी, वहीं यूजीसी नेट की परीक्षा दिसंबर में कराई जाएगी।
दिल्ली में शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि नीट और जेईई नेट परीक्षाओं का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) करेगी। अब तक इन परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी सीबीएसई पर थी। प्रबंधन से जुड़ी सीमैट और फार्मेसी से जुड़ी जीपैड परीक्षाओं का आयोजन भी अब एनटीए ही करेंगी।







