लखनऊ, 24 अप्रैल। जीएसटी इस समय चर्चा का विषय है। इससे संबंधित लोगों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यांत हिन्दू पीजी कालेज एक कोर्स शुरू करेगा। इसमें प्रवेश लेने वालों को जीएसटी की सैद्धान्तिक और व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके लिए महाविद्यालय में फिलहाल तीस कम्प्यूटर का इंतजाम किया गया है। यह जानकारी प्रबन्धक शीवाशीष घोष ने दी।

उन्होंने बताया कि जीएसटी कोर्स संचालित करने के लिए महाविद्यालय में पर्याप्त जगह, संसाधन और सुयोग्य शिक्षक उपलब्ध है। प्रचार्या प्रो धर्म कौर ने अर्थशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार मिश्र और वाणिज्य के विभागाध्यक्ष डॉ राजीव शुक्ला को जीएसटी कोर्स संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रो धर्म कौर ने बताया कि इस संबन्ध में विस्तृत जानकारी महाविद्यालय के कार्यालय से प्रातः नौ से दो बजे तक प्राप्त की जा सकती है।







