शिमला 29 दिसंबर । हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों में नववर्ष की संध्या तक बर्फ के बदले धूप के दर्शन होंगे। शिमला में मौसम विभाग ने नववर्ष की संध्या तक धूप के खिले रहने का अनुमान जताया है। यहां के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जैसे शिमला, कसौली, नारकंडा, काल्पा, धर्मशाला, पालमपुर, मनाली, चंबा, डलहौजी में लगभग एक सप्ताह से धूप खिली हुई है। शुष्क मौसम की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
शिमला में गुरुवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। वहीं काल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम, धर्मशाला में 6.8 डिग्री और पालमपुर में 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। यहां के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी और नरकंडा भी बर्फ से पूरी तरह महरूम रहे। एक और प्रसिद्ध स्थल मनाली में पहाड़ हालांकि बर्फ से ढके नजर आए। राज्य की राजधानी शिमला में भी अभी तक इस मौसम की पहली बर्फबारी नहीं हुई है।







