डलहौज़ी में शुरू होगी रोमांटिक ड्रामा फिल्म की शूटिंग, मुंबई और लखनऊ में भी होंगे कुछ सीन
मुंबई, 09 अक्टूबर 2025: निर्देशक आशीष माहेश्वरी की नई फिल्म ना हम समझ सके ना तुम की शूटिंग 7 फरवरी 2026 से हिमाचल प्रदेश के डलहौज़ी में शुरू होगी। यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म श्रेया सिने विजन के बैनर तले बन रही है, जिसके प्रस्तुतकर्ता शैलेश माहेश्वरी और निर्मात्री श्रुति माहेश्वरी हैं। आशीष माहेश्वरी ने फिल्म की कहानी लिखी है और इसे निर्देशित भी करेंगे। सह-निर्माता संजय भूषण और जावेद जानी मियां सैयद हैं।

फिल्म की पटकथा और संवाद पार्था अकेरकर ने लिखे हैं, जबकि संगीत विश्वजीत भट्टाचार्य और गीत प्रणव वत्स तैयार कर रहे हैं। फिल्म में आठ गाने होंगे, जिनमें बॉलीवुड के जाने-माने गायकों की आवाज़ें शामिल हो सकती हैं। कुछ दृश्य मुंबई और लखनऊ में भी शूट किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी आशीष माहेश्वरी ने अपने करियर की शुरुआत निर्माता के रूप में की थी। उन्होंने दोस्ती ज़िंदाबाद और रक्तभूमि जैसी फिल्मों का निर्माण किया है।
2025 में उन्हें गऊ भारत भारती अवार्ड, अखंड भारत गौरव अवार्ड और बिजनेस स्टार अचीवर्स अवार्ड जैसे पुरस्कार मिले हैं। आशीष माहेश्वरी ने बताया कि बचपन से ही उनका फिल्मों के प्रति रुझान था, और अब वे पूर्ण रूप से फिल्म निर्माण में सक्रिय हैं। उनकी यह फिल्म दर्शकों के लिए एक नई कहानी पेश करेगी।







