लखनऊ में आज 2019 लोकसभा चुनाव के सम्बन्ध में भाजपा के विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री की प्रेस वार्ता
लखनऊ 17 फरवरी 2019: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का ‘संकल्प पत्र‘ (मेनिफेस्टो) किसी भी पार्टी द्वारा करोड़ों लोगों की भागीदारी से बनाया जाने वाला पहला ‘संकल्प पत्र‘ होगा।
लखनऊ में आज 2019 लोकसभा चुनाव के सम्बन्ध में भाजपा के विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों पर आयोजित एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए श्री नकवी ने कहा कि भाजपा के ‘संकल्प पत्र‘ को जनता के सुझाव से तैयार करने के लिए चलाये जा रहे ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ‘ कार्यक्रम को आम लोगों का जबरदस्त सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह ‘संकल्प पत्र‘, “नए भारत” का संकल्प पत्र होगा, समाज के सभी तबकों के जीवन में परिवर्तन और खुशहाली का ‘ईमानदार लेखा जोखा और ब्लू प्रिंट‘ होगा।
श्री नकवी ने कहा कि ‘संकल्प पत्र‘ को तैयार करने के व्यापक अभियान हेतु लोगों के सुझावों को इकठ्ठा करने के लिए भाजपा ने सात माध्यमों से देश की लगभग 10 करोड़ जनता से सुझाव एकत्रित करने की अनूठी पहल शुरू की है। “भारत के मन की बात, मोदी के साथ‘ कार्यक्रम, सरकार में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं देश के लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का अनूठा प्रयोग है।
देश के आम नागरिक कैसा भारत चाहते हैं, “न्यू इंडिया” के लिए उनकी परिकल्पना क्या है, उनके पास सरकार के लिए क्या-क्या सुझाव हैं, ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ‘ कार्यक्रम के तहत आम लोग सभी सुझाव दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वेबसाईट, व्हाट्सअप, ई-मेल, मिस्ड कॉल, 300 से अधिक संकल्प रथ, सुझाव पेटियों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से अर्थात् सात माध्यमों से भाजपा एक महीने तक देश के लगभग 10 करोड़ लोगों से जन संपर्क कर रही है। इन सभी माध्यमों से एकत्रित सुझावों को संकलित किया जाएगा और फिर राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर कैटेगराइज्ड कर संकल्प समिति, ‘संकल्प पत्र‘ के रूप में देश की जनता के सामने ले जायेगी।
पार्टी के कार्यकर्ता, 300 “संकल्प रथ”, लगभग 7700 सुझाव पेटियों के साथ देश के लगभग 4000 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं और लोगों के सुझाव एकत्रित कर रहे हैं। सुझावों के संकलन के लिए हर राज्य में 20 लोगों की टीम गठित की गई है जो एकत्रित सुझावों को एकत्रित कर सेंटर को भेजेंगे जहाँ पर 30 लोगों की टीम इसकी स्क्रूटनी करेगी।






