Shagunnewsindia.com लखनऊ | 15 नवंबर 2025 : उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने बाल दिवस के अवसर पर शहर के गवर्नमेंट इंटर जुबिली कॉलेज के करीब 40 विद्यार्थियों को दुधवा टाइगर रिजर्व की अनोखी ‘विस्टाडोम ट्रेन सफारी’ का रोमांचक अनुभव कराया।
शनिवार को आयोजित इस विशेष सफारी में छात्रों ने कक्षाओं की चारदीवारी से बाहर निकलकर जंगलों की घनी हरियाली, दुर्लभ वन्यजीवों को करीब से देखा और जिम्मेदार पर्यटन की बारीकियां सीखीं। पारदर्शी छत वाली विस्टाडोम कोच में बैठकर बच्चों ने प्रकृति की गोद में खोए हुए पल जीए।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “यह पहल युवाओं को पर्यावरण-अनुकूल यात्रा, नेचर लर्निंग और सस्टेनेबल टूरिज्म से जोड़ने का प्रयास है। यह न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार पर्यटक बनाने का मजबूत संदेश भी देती है।”
मंत्री ने आगे बताया कि बोर्ड की ओर से ऐसे नवाचारी कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे। बाल दिवस पर स्कूली बच्चों को विस्टाडोम सफारी का यह अनुभव इसी दिशा में उठाया गया अहम कदम है।
छात्रों की आंखों में चमक और चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। कई बच्चों ने इसे “जिंदगी का सबसे यादगार दिन” बताया।







