नई दिल्ली, 27 सितम्बर 2018: एशिया कप के नॉकआउट मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 37 रनों से हराकर एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली। अबू धाबी में बुधवार खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 239 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 202 रन ही बना सकी और मैच हार गई। पाकिस्तान पर जीत के साथ ही बांग्लादेश एशिया कप के फाइनल में पहुंच गया।
अब शुक्रवार को उसकी भिड़ंत टीम इंडिया से होगी.बांग्लादेश की जीत में उसके गेंदबाजों का अहम योगदान रहा. तेज गेंदबाज मुस्तिफिजुर रहमान ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, वहीं मेहदी हसन ने सिर्फ 28 रन देकर 2 विकेट लिए। पाकिस्तान के लिए इमाम उल हक ने 83, आसिफ अली ने 31 और शोएब मलिक ने 30 रन बनाए लेकिन ये खिलाड़ी टीम को जीत नहीं दिला सके।

इससे पहले मुश्फिकुर रहीम (99) और मोहम्मद मिथुन (60) की संघर्षपूर्ण पारियों के दम पर बांग्लादेश ने एशिया कप-2018 के सुपर-4 के मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 240 रनों का लक्ष्य रखा है। इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी हुई। बाकी कोई और बल्लेबाज विकेट पर पैर नहीं जमा सका और टीम 48.5 ओवरों में 239 रनों पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 12 रनों पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। सौम्य सरकार (0), मोमिनुल हक (5) और लिटन दास (6) पवेलियन लौट लिए थे। यहां से रहीम और मिथुन ने साझेदारी की। इस साझेदारी को हसन अली ने मिथुन को 156 रनों के कुल स्कोर पर आउट कर तोड़ा. मिथुन ने 84 गेंदें खेलीं, चार चौकों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली।







