नई दिल्ली, 11 दिसम्बर 2018: विश्व की नंबर वन टीम इंडिया ने सांसों को रोक देने वाले उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए ऑस्ट्रेलिया की चुनौती को आखिर तोड़कर नया इतिहास रच दिया। भारत ने पहले टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन रविवार को 31 रन से जीतकर चार टेस्टों की सीरीज में 10 से बढ़त बना ली है।
भारत में टेस्ट के इतिहास में यह पहली बार है कि जब उसने ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर सीरीज का पहला टेस्ट जीता है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 323 रन का लक्ष्य रखा। जिसका पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 104 रन से आगे खेलना शुरू किया और मेजबान टीम की पारी 291 रन पर समाप्त हुई। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट 259 रन पर गिरा दिए लेकिन नाथन लियोन और जोश हेजल वुड की आखिरी जोड़ी और गई और उन्होंने रन बटोरने शुरू कर दिया।
भारतीय कप्तान विराट कोहली के माथे पर चिंता की लकीर गहरी होने लगी थी, लेकिन आफ स्पिनर रविंद्र चंद्रन अश्विन ने हेजलवुड को जैसे ही स्लिप में लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया पूरा भारतीय खेमा इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में उछल पड़ा। सभी भारतीय खिलाड़ियों ने अश्विन को बधाई दी। भारत की एडिलेड मैदान पर यह दूसरी जीत और ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर ओवरऑल छठी जीत है भारत को इस मैदान में इससे पहले जो एकमात्र जीत मिली थी वह उसे सौरभ गांगुली के नेतृत्व में दिसंबर 2003 में मिली थी।







