आधे अंक से पिछड़े मेधांश सक्सेना को दूसरा स्थान
लखनऊ, 22 अप्रैल। नामचीन शतरंज खिलाड़ी पवन बाथम ने श्रीमती एडी पाठक मेमोरियल ओपन एक्सीलिया चेस चैंपियनशिप के ओपन वर्ग में सबको पीछे छोड़ते हुए ओपन वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
शहीद पथ स्थित एक्सीलिया स्कूल में संपन्न इस चैंपियनशिप में ओपन श्रेणी के अंतिम दौर में पवन बाथम साढ़े छह अंक के साथ शीर्ष पर रहे।

वहीं इंटरनेशनल नन्हें शतरंज शातिर साढ़े दस साल के मेधांश जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन अंतिम राउंड में वह पिछड़ गए। इस दौर में मेधांश सक्सेना, रवि शंकर व राघवांशु मिश्रा के समान छह-छह अंक थे लेकिन टाईब्रेक स्कोर के चलते मेधांश उपविजेता रहे जबकि रवि शंकर तीसरे व राघवांशु चौथे स्थान पर रहे। रमा शंकर व स्कंद त्रिपाठी के समान साढ़ेे पांच-साढ़े पांच अंक थे लेकिन टाईब्रेक स्कोर के चलते रमा शंकर को पांचवां व स्कंद को छठां स्थान प्राप्त हुआ। अंतिम दौर में पवन बाथम व मेधांश ने ड्रा खेलकर आधे-आधे अंक जुटाए जबकि रवि शंकर ने शनि कुमार सोनी को 1-0 से व राघवांशु मिश्रा ने अर्जुन सिंह को 1-0 से मात दी। चैंपियनशिप की टीम स्पर्धा में डीपीएस एल्डिको पहले, एक्सीलिया स्कूल दूसरे व स्टैला मारिस कॉलेज तीसरे स्थान पर रहे।
अन्य आयु वर्गो में एफ नाइन में पृशा गर्ग पहले, रिधिमा निगम दूसरे व गौरांगी बहादुर सिन्हा तीसरे, एफ 11 में सिमरन साधवानी पहले, याचना सिंह दूसरे व अद्रिका मिश्रा तीसरे, एफ 13 में मैत्रेयी गुप्ता पहले, स्वस्ति विश्वकर्मा दूसरे व महक सिंघल तीसरे, एफ 15 में वंसुधरा पहले, अंडर-7 में रिधम निगम पहले, सन्यम श्रीवास्तव दूसरे व मीतांश दीक्षित तीसरे, अंडर-9 में आर्यन पाण्डेय पहले, दिव्यांश पाण्डेय दूसरे व अंश अवस्थी तीसरे, अंडर-11 में तेजस्व सिंह पहले, रचित पाण्डेय दूसरे व विश्वास श्रीवास्तव तीसरे, अंंडर-13 में आदर्श पाल पहले, अंशुमान नंदा दूसरे व ए.वामसी कृष्णा तीसरे एवं शिवांश पाण्डेय पहले, आयुष साहू दूसरे व सात्विक वर्मा तीसरे स्थान पर रहे।
समापन समारोह में स्कूल के चेयरमैन डीएस पाठक, निदेशक आशीष पाठक, चीफ आर्बिटेटर एके रायजादा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिया वर्धन ने पुरस्कार वितरित किए।







