जिला चेस चैंपियनशिप: बालक अंडर-15 में तीसरे दौर के बाद कैलाश व आदित्य संयुक्त शीर्ष पर
लखनऊ, 29 मार्च। रिधिमा निगम ने अंडर-25 (ओपन), अंडर-15 (सब जूनियर ओपन) व अंडर-9 (ओपन) जिला चेस चैंपियनशिप में उम्दा प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 बालिका वर्ग में बाजी मारते हुए चैंपियनशिप जीत ली।
शहीद पथ स्थित शिवानी पब्लिक स्कूल में लखनऊ जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में शुरू हुई चैंपियनशिप में अंतिम दौर के बाद अंडर-15 बालिका वर्ग में रिधिमा निगम ने सर्वाधिक डेढ़ अंक जुटाते हुए पहला स्थान प्राप्त कर लिया। वहीं आधे अंक से पिछड़ गई अद्रिका मिश्रा को एक अंक के साथ दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। सिमरन साधवानी आधे अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही।
चैंपियनशिप में अंडर-15 बालक वर्ग में तीसरे दौर के बाद कैलाश प्रताप गौड़ व आदित्य पंत ढाई-ढाई अंक जुटाकर संयुक्त शीर्ष पर चल रहे है। दूसरी ओर प्रथ्वी सिंह दो अंक के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे है। रिधम निगम व सत्यम अग्रहरि एक-एक अंक के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर चल रहे है। इससे पूर्व उद्घाटन शिवानी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की संस्थापिका श्रीमती सत्यभामा दुबे ने किया।







