चतुर्थ शिवानी कप संडे ओपन चेस टूर्नामेंट
अंडर-16 आयु वर्ग मेें आर्यन सिंह और अंडर-12 आयु वर्ग में याचना सिंह विजेता
लखनऊ, 03 सितम्बर 2018: स्कंद त्रिपाठी ने चतुर्थ शिवानी कप संडे ओपन चेस टूर्नामेंट की ओपन श्रेणी का खिताब डेविड युंग को टाईब्र्रेेक स्कोर के आधार पर पछाड़ते हुए अपने नाम किया।
लखनऊ जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में मानसरोवर योजना, शहीद पथ स्थित शिवानी पब्लिक स्कूल में आयोजित इस टूर्नामेंट में अंडर-16 आयु वर्ग मेें भी टाईब्रेक स्कोर के आधार पर आर्यन सिंह को विजेता चुना गया। वहीं अंडर-12 आयु वर्ग में याचना सिंह सर्वाधिक चार अंक के साथ चैंपियन बनीं।
ओपन वर्गके पांचवें व अंतिम राउंड के बाद स्कंद त्रिपाठी व डेविड युंग के समान 5-5 अंक थे और विजेता का फैसला जानने के लिए टाईब्रेक स्कोर का सहारा लिया गया जिसमें स्कंद त्रिपाठी विजेता रहे जबकि डेविड युंग को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। इस वर्ग में कुलदीप शंकर साढ़े चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मयंक पांडे, अर्जुन सिंह व अनुज यादव के समान चार-चार अंक रहे लेकिन टाईब्रेक स्कोर के चलते मयंक पांडे चौथे, अर्जुन सिंह पांचवें व अनुज यादव छठें स्थान पर रहे।
अंडर-16 आयु वर्ग में भी पांचवें व अंतिम दौर में कड़ी प्रतिस्पर्धा रही तथा राउंड समाप्ति के बाद आर्यन सिंह, टी.कृष्णा तेजस व रिधिमा निगम के समान तीन-तीन अंक रहे। इसके बाद टाईब्रेक स्कोर के आधार पर आर्यन विजेता बने जबकि टी.कृष्णा तेजस को दूसरा व रिधिमा निगम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
अंडर-12 आयु वर्ग में याचना सिंह सर्वाधिक चार अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए विजेता बनी। पृथ्वी सिंह व अक्षत भटनागर के समान साढ़े तीन-साढ़े तीन अंक रहे लेकिन टाईब्रेक स्कोर के आधार पर पृथ्वी सिंह दूसरे व अक्षत भटनागर तीसरे स्थान पर रहे।
इस टूर्नामेंट में कुल 62 इंट्री आई थी। समापन समारोह में शिवानी पब्लिक स्कूल की स्कूल इंचार्ज श्रीमती पुनीता मिश्रा ने पुरस्कार वितरित किए।






