यूपी के 16 साल के सौरभ चौधरी ने भारत को दिलाया स्वर्ण पदक
नई दिल्ली, 21 अगस्त 2018: जकार्ता में हो रही राष्ट्रमंडल खेल से मंगलवार की सुबह एक अच्छी खबर आई। यूपी के मेरठ के कलिंगा गांव के 16 साल के सौरभ चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में पूरे एशिया के निशानेबाजों को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीता।
बागपत की शाहमल शूटिंग अकादमी के प्रोडक्ट सौरभ ने नए एशियाई खेल रिकार्ड के साथ यह स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 240.7 अंक अर्जित किए। दो बार के वर्ल्ड चैंपियन रहे जापान के टोमोयुकी मत्सुदा को रजत और भारत के अभिषेक वर्मा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
सौरभ चौधरी इसी साल जून में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में नए विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर सुर्खियों में आए थे। पिछले माह चेक गणराज्य में हुई 28वीं मीटिंग आफ शूटिंग होप्स अंतरराष्ट्रीय चैम्पियनशिप के 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।







