लखनऊ, 05 जून। लखनऊ के चौक स्टेडियम के पांच हैंडबॉल प्रशिक्षुओं का चयन जकार्ता (इंडोनेशिया) में 18 अगस्त से दो सितंबर तक होने वाले 18वें एशियन गेम्स के लिए आयोजित भारतीय हैंडबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर में संभावितों में कर लिया गया है।
यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव श्री आनन्देश्वर पाण्डेय ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि महिला वर्ग में लखनऊ की इंदु गुप्ता, शिवा सिंह, सुप्रिया जायसवाल व स्वर्णिमा जायसवाल का महिला हैंडबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर में किया गया है। यह सभी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत का परचम लहरा चुकी है। वहीं पुरूष हैंडबॉल टीम के प्रशिक्षण शिविर में राहुल दुबे चयनित किए गए है। यह सभी प्रशिक्षु चौक स्टेडियम में कोच सीमा भट्ट से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है।
उन्होंने बताया कि भारत की पुरूष हैंडबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर चार जून से 13 अगस्त तक फैजाबाद में एवं भारतीय महिला हैंडबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर भी चार जून से 13 अगस्त तक लुधियाना में आयोजित किया गया है। इन्हीं शिविरों के माध्यम से एशियन गेम्स के लिए भारत की पुरूष व महिला हैंडबॉल टीम अंतिम रूप से चयनित की जाएगी।







