मुंबई, 13 सितम्बर 2018: अगला आईपीएल 2019 का आयोजन 29 मार्च से 19 मई के बीच किया जाएगा, आमतौर पर आईपीएल का आगाज अप्रैल के पहले सप्ताहों में होता आया है लेकिन बोर्ड विश्व कप से 15 दिन पहले इसे खत्म करना चाहती है।
वहीं आईपीएल के समय ही लोकसभा के चुनाव होंगे जिसके चलते बीसीसीआई आईपीएल को देश से बाहर शिफ्ट करना चाहती है। आपको बता दें कि इससे पहले 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान आईपीएल का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में कराया गया था जबकि 2014 में इसे दो हिस्सों में बांट गया था। इस साल आईपीएल के शुरुआती चरण यूएई में खेले गए थे जबकि बाद में ये लीग भारत लौट आया था। बोर्ड ने आईपीएल को लेकर योजना बनायी है।
चुनाव की तारीखों का टकराव अगर आईपीएल के साथ ज्यादा होगा तो इसे दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा जबकि कम होने पर 2014 की तरह आधे हिस्से यूएई और आधे मुकाबले भारत में खेले जाएंगे। बोर्ड के लिए यूएई आदर्श जगह है क्योंकि यहां के समय से भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को कोई दिक्कत नहीं होती है लेकिन दूसरी तरफ बोर्ड वहां के मैदानों को लेकर भी थोड़े असहज हैं। यूएई में सिर्फ तीन ही मैदान हैं जहां 60 मैच नहीं कराए जा सकते, ऐसे में यूएई में सिर्फ आधे मुकाबले ही आयोजित किए जाएंगे।







