अंडर-17 व अंडर-11 ओपन जिला चेस चैंपियनशिप शुरू
लखनऊ, 09 अप्रैल। रिधिमा निगम ने जिला अंडर-17 व अंडर-11 चेस चैंपियनशिप मेें उम्दा प्रदर्शन के साथ अंडर-17 बालिका वर्ग का खिताब सर्वाधिक दो अंक के साथ जीत लिया।
लखनऊ जिला चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में शहीद पथ स्थित शिवानी पब्लिक स्कूल में सोमवार को शुरू हुई चैंपियनशिप में अंडर-17 बालिका वर्ग में रिधिमा ने लगातार दो राउंड में सिमरन साधवानी को 1-0 से मात दी। अंतिम दौर में रिधिमा निगम के दो अंक रहे जबकि सिमरन अंक जुटाने में नाकाम रहीं।
चैंपियनशिप में आज ही शुरू हुए बालक अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले में तीसरे दौर में शिवांश पाण्डेय सर्वाधिक ढाई अंक के साथ सबसे आगे चल रहे है। तीसरे दौर के मैचों के बाद शिवांश से आधे अंक से पिछडऩे के बाद ए.वामसी कृष्णा व राघवांशु मिश्रा दो-दो अंक जुटाकर संयुक्त दूसरे स्थान पर चल रहे है। आदित्य पंत डेढ़ अंक के साथ तीसरे व पृथ्वी सिंह एक अंक के साथ चौथे स्थान पर चल रहे है। इससे पूर्व चैंपियनशिप का उद्घाटन शिवानी पब्लिक स्कूल की संस्थापक चेयरपर्सन श्रीमती सत्यभामा दुबे ने किया।







