नई दिल्ली, 03 जनवरी, 2020: चोट से परेशान सुशील कुमार के पुरुषों के 74 किग्रा फीस्टाइल के ट्रायल्स टालने के आग्रह के बावजूद भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यू एफआई) ने इस वर्ग के ट्रायल्स भी पूर्व कार्यक्रम के अनुसार करवाने का फैसला किया है। इस स्टार पहलवान को हालांकि मार्च में तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने का मौका मिल सकता है।
बता दें कि अपने करियर को पुनजीवित करने के लिये संघर्षरत सुशील हाथ में चोट के कारण शुक्रवार को होने वाले ट्रायल्स से हट गये हैं और उन्होंने अपने वर्ग के ट्रायल्स को टालने का आग्रह किया। ट्रायल्स का विजेता रोम में 15 से 18 जनवरी के बीच होने वाले पहले रैकिंग सीरीज टूर्नामेंट को नयी दिल्ली में 18 से 23 फरवरी के बीच होने वाली एशियाई चैंपियनशिप और चीन के झियान में 27 से 29 मार्च के बीच होने वाले एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर के लिये भारतीय टीम में जगह मिलेगी।
डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सभी वर्गों (पुरुष फ्रीस्टाइल में पांच और ग्रीको रोमन में छह) में आयोजित किये जाएंगे। सिंह ने पीटीआई से कहा, “निश्चित तौर पर ट्रायल्स टाले नहीं जाएंगे। हमारे पास 74 किग्रा में लड़ने वाले पहलवान हैं। उन्होंने कहा कि सुशील अगर चोटिल हो गए हैं तो हम क्या कर सकते हैं।







