वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने दिलाई सदस्यता
पटना, 02 अगस्त 2019 : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी ने आज कॉलेज ऑफ कॉमर्स छात्र संघ के नेता विकास कुमार बॉक्सर को पार्टी छात्र मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे पहले वीआईपी के पार्टी फ्रेजर रोड स्थित कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में विकास कुमार बॉक्सर ने आज अपने सैकड़ों साथियों के साथ वीआईपी पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान विकास सिंह को सवर्ण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष का कमान सौंपा गया है। वहीं, निषाद विकास संघ का हिस्सा रहे पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता सुरेश मुखिया भी पार्टी में शामिल हुए।
मौके पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि विकास जैसे युवाओं के जुड़ने से पार्टी को अत्यंत मजबूती प्रदान हुई है। छात्र मोर्चा किसी पार्टी का एक महत्वपूर्ण अंग होता है तथा हमें अत्यंत प्रसन्नता है कि पार्टी के छात्र मोर्चा की कमान विकास जैसे छात्र नेता ने ग्रहण किया है। सन ऑफ मल्लाह ने कहा कि सुरेश मुखिया हमारे पुराने साथी हैं। वे काफी समय तक निषाद विकास संघ का हिस्सा रहे हैं। कुछ समय के लिए वे हमसे दूर हो गए थे। पुनः वे पूरी मजबूती के साथ पार्टी में शामिल हुए हैं। उनके आने से पार्टी को अत्यंत मजबूती प्रदान हुई है। उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।






