इलाहाबाद। संगम नगरी में आजकल मुंह नोचवा की तरह सूई भोंकवा का आंतक महिलाओं के लिए सिरदर्द बन गया है। दहशत का आलम यह है कि महिलाएं कहीं भी जाने से डरने लगी हैं। खबरों के मुताबिक शाम होते ही सुई भोंकवा अकेली महिला के निजी अंगों पर सूई भोंक कर फरार हो जाता है। यह सूई भोंकवा बाईक पर आता है।
जानकारी के मुताबिक अब तक कई महिलाएं इस का शिकार हो चुकी हैं। ऐसी ही घटना के बाद एक महिला की मौत भी हो चुकी है। वहीं कई महिलाएं ऐसी हैं जिन्हे सूई भोंके जाने के बाद डॉक्टरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
खबरों के मुताबिक यह घटना फूलपुर थाना इलाके के पास की है। यहां के बीबीपुर गांव की एक महिला 3 दिन पहले बाजार गई थी। लौटते वक्त अचानक एक बाईक सवार आया और उसने महिला के निजी अंग पर सूई चुभोई और फरार हो गया। महिला दर्द से कराह उठी और घर वालों को पूरी बात बताई लेकिन घर वालों ने इसे किसी शोहदे की हरकत समझ कर नजरअंदाज कर दिया।
इसके बाद देखते ही देखते इस का आतंक खजुही, रायपुर और खानपुर गांव में भी बढ़ गया। वहां की महिलाओं के साथ भी यही घटना होनी शुरू हो गईं हैं। जब बात एक दूसरे के जरिए पूरे इलाके में फैली तो लोग सतर्क हो गए। महिलाओं का अकेले निकलना बंद सा हो गया है और पुरुष शाम होते ही सूई भोंकवा की तलाश में निकल पड़ते हैं।
इलाके में दहशत का पर्याय बने सूई भोंकवा की जानकारी पुलिस को हुई तो मुखबिर का जाल बिछा दिया गया है। सीओ फूलपुर ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है और तहरीर मिलते ही कार्रवाई भी की जाएगी।






