लखनऊ 16 नवंबर : लखनऊ में इन दिनों भोजपुरी फिल्म “दशहरा” की शूटिंग जोरों पर है, जिसमें मुख्य भूमिका में अभिनेता देव सिंह हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री ऋचा दीक्षित हैं, जो उनके अपोजिट नजर आएंगी। देव सिंह के साथ संजय पांडे भी महत्वपूर्ण भूमिका में खलनायक के रूप में दिखाई देंगे।
देव सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “इस फिल्म का किरदार मेरे लिए बेहद खास है। मैंने कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन इस फिल्म की कहानी और इसमें मेरे किरदार में जो शेड्स हैं, वह इसे बाकियों से अलग बनाते हैं। यह रोल एक एक्टर के तौर पर मुझे अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने का अवसर देता है। स्क्रिप्ट में इतने गहरे दृश्य और संवाद हैं कि मैं खुद को इस भूमिका में पूरी तरह समर्पित कर सका।”

फिल्म का निर्देशन विजय प्रकाश मौर्य कर रहे हैं, जो इसे अपने दिल के बहुत करीब मानते हैं। निर्देशक ने बताया कि जब उन्होंने इस फिल्म की कहानी पर काम करना शुरू किया, तो उन्हें लीड रोल के लिए देव सिंह के अलावा कोई और नहीं सूझा। देव के अभिनय के प्रति उनके समर्पण और उनकी अदाकारी ने निर्देशक को इस कास्टिंग के लिए प्रेरित किया। निर्देशक ने कहा, “देव और ऋचा जब एक साथ अभिनय करते हैं, तो दोनों की केमिस्ट्री बहुत नेचुरल लगती है। इसीलिए मैंने इस फिल्म में उन्हें कास्ट किया।”
फिल्म के निर्माता अमरेंद्र कुशवाह हैं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को लखनऊ की खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माने का निर्णय लिया है। निर्देशक विजय प्रकाश मौर्य के अनुसार, इस फिल्म की कहानी न केवल मनोरंजन से भरपूर है, बल्कि इसके संदेश में भी गहराई है – अपने अंदर के रावण का नाश करना ही सच्चा दशहरा है।







