दुनिया ने मिलकर किया योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 135 देशों के नागरिकों और विशिष्ट अतिथियों ने एक ही सत्र में एक साथ योग कर विश्व रिकॉर्ड बना कर कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
लखनऊ। नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को प्रदेश में योग दिवस मनाया गया। प्रदेश के हजारों स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं और मदरसों में भी योग के कार्यक्रम हुए, जिसमें लाखों लोगों ने योग किया।

राजभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि जिस प्रकार योग हमें निरोग करता है, उसी प्रकार कार्यों को प्रतिबद्धता से करना मन को स्वस्थ करता है। उन्होंने योग को लेकर विश्व गुरु के रूप में भारत की स्थापित हुई छवि का श्रेय प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व को दिया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि योग हमारी सनातन संस्कृति से जुड़ा है। इसके अन्तनिहित महत्व को समझकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज पूरे विश्व ने इसे स्वीकार कर लिया है। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने योग को भारत के ऋषि-मुनियों की देन बताते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनाना चाहिए। राजभवन में प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भी सुनाया गया।







