सियोल, 02 नवंबर। अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच चल रही जुबानी जंग अब भी जारी है। इस बीच उत्तर कोरिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप को पूरी तरह पागल करार दिया है। उ. कोरिया ने कहा कि वह ऐसे पागल हैं, जिनका इलाज हो पाना संभव नहीं है। प्योंगयांग की परमाणु महत्वाकांक्षाओ के चलते उसके और अमेरिका के बीच लंबे समय से तनाव जारी है।
इस बीच ट्रंप राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर एशिया के अपने पहले दौरे पर जाने वाले हैं। हाल के कुछ महीनों में ट्रंप और उत्तर कोरिया के प्रमुख किम जोंग-उन ने युद्ध की धमकियां दी है। इससे कोरिया प्रायद्वीप में विवाद और गहरा सकता है। ट्रंप ने युद्ध की चेतावनी के साथ इसे तूफान से पहले शांति बताते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा से कहा कि अगर वॉशिंगटन को खुद को या अपने सहयोगियों को बचाने की जरूरत पड़ेगी तो वह उत्तर कोरिया को पूरी तरह तबाह कर सकता है। उन्होंने उसी भाषण में किम को रॉकेट मैन कहा था।
प्योंगयांग ने ऐसी मिसाइलों का परीक्षण किया है जो अमेरिका की अधिकांश मुख्य धरती तक मार कर सकती हैं। इसके कुछ दिन बाद किम ने ट्रंप को सठिया चुका बूढ़ा करार दिया। इसी हफ्ते के आखिर में अमेरिकी राष्ट्रपति एशिया दौरे पर जाने वाले हैं। उ. कोरिया ने एक बार फिर से उन्हें मानसिक रोगी करार दिया है।







