2 जोन व 6 सेक्टर में बंटा पुराना लखनऊ, सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों की मदद से की जा रही निगरानी
लखनऊ, 12 अगस्त 2019: बकरीद के मौके पर लखनऊ में अलर्ट जारी कर दिया गया है इस बीच सुरक्षा की दृस्टि की नज़र से चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नज़र रहेगी। पुराने लखनऊ को 2 जोन व 6 सेक्टर में बांटा गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया कि अगर किसी ने भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी पश्चिम विकास चन्द्र त्रिपाठी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आगामी सोमवार को बकरीद के त्यौहार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े बंदोबस्त किये गये हैं।
सुरक्षा में 6 एएसपी, 15 सीओ, 18 इंस्पेक्टर, 12 थानाप्रभारी, 120 उपनिरीक्षक, 107 हेड कांस्टेबिल व 450 आरक्षियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही 7 कम्पनी पीएसी व अर्धसैनिक बलों को भी लगाया गया है। उनका कहना है कि पुराने लखनऊ को दो जोन व छह सेक्टरों में बांटा गया है। पुराने शहर के संवेदनशील व अति संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस ड्यूटी बढ़ायी गयी है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी कैमरा वैन की मदद से संभावित स्थानों की निगरानी की जा रही है।
एएसपी का कहना है कि चौक, ठाकुरगंज, वजीरगंज, सआदतगंज, अमीनाबाद, कैसरबाग, बाजारखाला व तालकटोरा पुलिस को सर्तकता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि इस बार सभी थानों पर दो-दो कलस्टर मोबाइल भी दी गयी है। कलस्टर मोबाइल पर एक दरोगा व एक सिपाही दंगा निरोधी उपकरण व वॉयरलेस सेट के साथ सुबह से नमाज खत्म होने तक नमाज वाली जगहों पर तैनात होंगे। नमाज के बाद सभी कलस्टर मोबाइल इलाकों में गश्त करेगी।







