लखनऊ, 26 अक्टूबर 2018: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और तोड़ने का काम कर रही है। देश की एक-एक संस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। केन्द्र की सरकारों ने सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया है और विपक्ष को डराने-धमकाने का काम किया हैं। बैंकिंग सिस्टम चौपट हो गया है। राफेल डील पर सफाई होनी चाहिए। भाजपा कहती है कि उसका दामन साफ है तो सफेदी पर ही छींटें ज्यादा दिखती हैं।
बता दें कि श्री यादव आज पार्टी मुख्यालय के डाॅ. लोहिया सभागार में एकत्र छात्र-युवा प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देशवासियों को गुमराह और निराश किया हैं। जहां किसानों को धोखा दिया है वहीं नौजवानों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया हैं।

किसानों का कितना कर्ज माफ किया गया ?
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों का अभी भी 08 हजार करोड़ रूपये बकाया है। आलू किसानों का कोई पुरसाहाल नहीं है। मुख्यमंत्री कई लाख हेक्टेयर जमींन पर पानी पहुंचाने का दावा करते हैं पर यह नहीं बताते कि वह जमींन कहां है? किसानों का कर्ज कितना माफ किया है? नौजवानों को रोजगार कहां मिला? इसका ब्यौरा सरकार को देना चाहिए।
अर्धकुंभ को कुंभ बना दिया:
श्री यादव ने कहा कि 2014 और 2017 के चुनावों में भाजपा नेताओं ने जो वादे किए उसमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा नेताओं का संकल्प है कि एक भी काम जनहित में नहीं होना चाहिए। कृषि कुंभ के नाम पर किसानों के साथ विश्वासघात किया गया। अर्धकुंभ को कुंभ बना दिया। भाजपा के पास झूठ बोलने के अलावा कोई काम नहीं है। किसान सो नहीं पा रहा है। साढ़े चार साल में 40 हजार से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। जो निवेशक आए थे, वे कहां गए? किसानों की आय दुगनी होती तो व्यापारी को भी लाभ होता।
उन्होंने कहा कि भाजपा इजरायल की नई तकनीक लाने की बात करती है। कन्नौज में परफ्यूम पार्क का नाम बदल दिया। एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां एवं नए विश्वविद्यालय, मेडिकल कालेज बनने थे भाजपा सरकार ने उन पर रोक लगा दी। न कोई सड़क बनाई, जो सड़के समाजवादी सरकार में बनी थी उनमें भी गड्ढे कर दिए। भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों के चलते दो हजार लोगों के पास ही देश की सारी दौलत सिमट गई है।







