केशव प्रसाद ने राहुल गांधी को बताया ‘झूठ बोलने की मशीन
लखनऊ, 04 अक्टूबर 2018: कानपुर के सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिवपाल यादव को पार्टी में शामिल होने का न्योता दे डाला। इस दौरान केशव प्रसाद ने लखनऊ में हुए विवेक तिवारी हत्याकांड को लेकर कहा कि अपराधी कोई भी हो उसे सरकार नहीं बख्शेगी। उन्होंने महागठबंधन और राहुल गांधी पर जमकर तंज कसे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि सपा से अलग होकर सेक्युलर मोर्चा बनाने वाले शिवपाल यादव यदि भाजपा में अपनी पार्टी का विलय करते हैं तो उनका स्वागत है। फिलहाल किसी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए भाजपा में जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि विपक्षी पार्टियों का महागठबंधन बने जिससे उन्हें भी भाजपा की लोकप्रियता का पता चल सके। विपक्षी पार्टियां चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बिखरने के लिए एकजुट हो रही हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा को 73 सीटों पर जीत मिलने जा रही है। सपा-बसपा पर आक्रामक होते हुए उन्होंने कहा कि पिछली प्रदेश सरकारों की योजनाएं खास जनपदों के लिए बनाई जाती थीं, भाजपा ने इस असमानता को खत्म किया है। संगठन की ताकत के बल पर भाजपा फिर सबसे बड़ी पार्टी होकर उभरेगी।
लखनऊ में विवेक तिवारी कांड के मामले में उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी उसे सरकार नहीं बख्शेगी। पिछले कुछ दिनों में कई अधिकारियों-कर्मचारियों के आत्महत्या के मामले में उन्होंने कहा कि सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। इसके लिए सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक कर अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं सुने जाने की व्यवस्था की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलने की मशीन हैं। इस दौरान उन्होने आयुष्मान भारत योजना में आ रही गड़बड़ी की नई सिरे से जांच कराने की बात भी कही।
एससी एसटी एक्ट के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में इस एक्ट का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। कोई भी इस एक्ट का इस्तेमाल किसी निर्दोष को फंसाने में करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की व्यवस्था भी की जाएगी।