कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा‘‘मोना’’ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर निकाले गये 25000 होमगार्ड के जवानों की सेवाएं लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने लिखे गये पत्र में कहा है कि होमगार्डों को सेवा से निकालने का जो निर्णय लिया है, वह अत्यंत दुःखद है, क्योंकि प्रदेश की कानून व्यवस्था को कायम रखने में होमगार्ड के जवानों का अहम योगदान रहता है। वे पुलिस के जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी सेवाएं देते हैं।
आराधना मिश्रा ने कहा है कि सरकार का इरादा था कि खाली पड़े पदों को भरा जायेगा और बेरोजगारों को रोजगार दिया जायेगा। आवश्यकता है कि होमगार्ड विभाग को अतिरिक्त धनराशि दी जाए। जो 25000 होमगार्ड निकाले जा रहे हैं, उन्हें पूर्ववत सेवा में बनाये रखा जाए तथा उनके कार्य दिवस को कम न किया जाए, क्योंकि ये निम्न और मध्यम वर्ग के हैं और बड़ी मुश्किल से अपने परिवार की आजीविका चला पाते हैं। इस कारण विशेष धनराशि होमगार्ड विभाग को दी जाए और 25000 होमगार्डो को पूर्ववत सेवा में बनाये रखा जाए।







