संघर्ष समिति का ऐलान जिस आरक्षण समर्थक का परिवार व रिश्तेदार करेगा 100% मतदान उसे किया जायेगा सम्मानित
लखनऊ, 17 मार्च 2019: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति संयोजक मण्डल की प्रान्तीय कार्यसमिति की बैठक में निर्णय हुआ कि लोकसभा चुनाव में सभी 8 लाख आरक्षण समर्थक कार्मिकों व उनके परिवार नातेदार द्वारा अनिवार्य रूप से 100 प्रतिशत मतदान कर अपना अधिकार सुरक्षित करेंगे।
संयोजक मण्डल द्वारा सभी जिला संयोजकों को यह निर्देश दिये गये हैं कि वह 100 प्रतिशत मतदान कराने के लिये आरक्षण समर्थकों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हमें आप सबकों मिलकर अपना ऐसा सांसद चुनना है जो आने वाले समय में आरक्षण रूपी संवैधानिक हितों की रक्षा कर पाये और पदोन्नति में लम्बित आरक्षण संवैधानिक 117वां बिल पास करायें। संघर्ष समिति ने यह भी ऐलान किया है जो आरक्षण समर्थक कार्मिक का परिवार व नातेदार 100 प्रतिशत मतदान करेगा उसे संघर्ष समिति आने वाले समय में सम्मानित करेगी।

इस बैठक में आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के संयोजकों में अवधेश कुमार वर्मा, डा रामशब्द जैसवारा, आरपी केन, अजय कुमार, श्यामलाल, अन्जनी कुमार, अशोक सोनकर, प्रेमचन्द्र, जितेन्द्र, श्रीनिवास राव, राजेश पासवान, प्रभू शंकर, अरविन्द फर्सोवाल, सुनील कनौजिया ने कहा कि सभी आरक्षण समर्थकों को चरणबद्ध तरीके से 100 प्रतिशत मतदान कराने के लिये जागरूकता अभियान चलाना होगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी आरक्षण समर्थकों को करो मरो की तर्ज पर लेना चाहिये, 5 साल बाद यह मौका हमको आपको अपना जन प्रतिनिधि चुनने का मिला है, जिस पर हमको आपको अपने पुराने संघर्षो को याद कर ऐसा जन प्रतिनिधि चुनना है जो हमारे संवैधानिक हितों की रक्षा करते हुये बाबा साहब द्वारा बनाये गये संविधान मजबूत करने के लिये दृढ़ संकल्पित हो।
उन्होंने कहा कि हमे इस बात का विशेष ध्यान होगा कि 17 सुरक्षित उन लोकसभा क्षेत्रों में इस बार अपना सांसद चुनने में उन सभी बातों का ध्यान रखना है जब हम सभी 5 साल आन्दोलन चलाकर उनके पास गये तो उनके द्वारा हमारे संवैधानिक हितों की रक्षा के लिये क्या प्रयास किये गये। हमें गुण दोष के आधार पर अपनी वोट की ताकत से एकजुट होकर जवाब देना है, जिससे आने वाले समय में हमारा संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रहे।







