मौलाना यासूब अब्बास ने सौपा मांग पत्र
लखनऊ, 01 मई 2019: केन्द्रीय गृहमंत्री, राजनाथ सिंह ने मंगलवार को ऑल इण्डिया शिया पर्सनल लाॅ बोर्ड के प्रवक्ता, मौलाना यासूब अब्बास से उनके घर अवध प्वाइंट, नक्ख़ास, लखनऊ में मुलाकात की। गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ यूपी के उप-मुख्यमंत्री डाॅ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, मेयर लखनऊ संयुक्ता भाटिया, नगर अध्यक्ष, मुकेश शर्मा, दिवाकर त्रिपाठी और डाॅ. अम्मार रिज़वी ने भी मौलाना यासूब अब्बास से मुलाकात की इस मौके पर ऑल इण्डिया शिया पर्सनल लाॅ बोर्ड के अध्यक्ष, मौलाना मिर्ज़ा मोहम्मद अशफाक और मौलाना एजाज़ अतहर भी मौजूद थे मौलाना यासूब अब्बास साहब ने जनाब राजनाथ सिंह से अहम क़ौमी मुददों पर तफसीली चर्चा की, जिसको गृहमंत्री ने बहुत ग़ौर से सुना और मुददों को हल करने की यक़ीन भी दिलाया। इसी के साथ मौलाना ने एक मांग पत्र भी राजनाथ सिंह को पेश किया जिसकी ख़ास मांगें यह हैं कि –

- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ ने हज़रत अली (अ.स.) और बजरंग बली पर जो टिप्पणी की है इस पर शिया समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। हम आपसे उम्मीद करते हैं कि आपके जैसा वरिष्ठ व्यक्ति उनसे अभद्र बयान के लिए उनसे बयान वापसी के लिए कहें।
- लखनऊ अज़ादारी का मरकज़ रहा है और यहां हमारे शिया समुदाय के अनेक कार्यक्रम विक्टोरिया स्ट्रीट/तुलसीदास मार्ग, जिसमें लाखों की संख्या में शिया समुदाय के लोग सम्मिलित होते हैं एवं हमारे धार्मिक जुलूस भी इन्हीं मार्गों से गुज़रते हैं। आपसे निवेदन है कि आप इस रोड पर बन रहे ओवर ब्रिज को रूकवाने का आदेश पारित करें। हमारा समुदाय सदैव आपका आभारी रहेगा।
- लखनऊ से नजफ़ की फ्लाइट जिसका उदघाटन आपके द्वारा 13 फरवरी 2019 को किया गया था। एयर इंडिया ने किन्हीं कारणों से उस फ्लाइट को बंद कर दिया है। आपसे गुज़ारिश है कि आप उसे खुलवाने का आदेश पारित करें।
- सच्चर कमीशन की तर्ज़ पर एक ऐसा कमीशन बनाने का आदेश पारित करें, जिसमें भारत में फैले शिया समुदाय को अलग से नुमाइन्दगी दी जाए। हम अल्पसंख्यकों में अल्पसंख्यक हैं और शिया समुदाय का हक जो हम तक पहुंचना चाहिए वो नहीं पहुंच पाता।
- शिया समुदाय के धार्मिक जुलूसों के मार्गों को त्योहार रजिस्टर में देखकर उनको उनके पुराने मार्ग से बहाल किया जाए।







