लखनऊ विवि में मैकेनिकल इंजीनियरिंग पर औद्योगिक क्रांति का प्रभाव विषय पर हुआ वेबीनार
लखनऊ, 20 अप्रैल 2020: लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी संकाय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से ‘मैकेनिकल इंजीनियरिंग पर औद्योगिक क्रांति का प्रभाव” विषय पर वेबीनार का आयोजन बी.टेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) विद्यार्थियों के लिए हुआ। इसमें एआईएस कंपनी के प्रोडक्शन प्लानिंग एवं कंट्रोल विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एपी श्रीवास्तव ने प्रथम से तृतीय औद्योगिक क्रांति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वर्तमान में चल रही चौथी औद्योगिक क्रांति के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक एवं 3डी प्रिंटिंग की सहायता से प्रत्येक कस्टमर की विविध आवश्यकताओं को एक ही मशीन पर आकार दिया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने मशीनों में सेल्फ डिसीजन मेकिंग कैपेबिलिटी पैदा की है, जिससे मशीनें पहले से अधिक कार्य निपुण हो गई हैं। ब्लॉकचेन तकनीकी के बारे में बताया कि यह तकनीक क्रिप्टो करेंसी के अस्तित्व को सक्षम बनाती है। क्रिप्टो करेंसी विनियम का एक माध्यम है, जो धन के हस्तांतरण को सत्यापित करने के लिए इन्क्रिप्शन तकनीकी का उपयोग करती है।
उन्होंने बताया कि प्रथम औद्योगिक क्रांति में उत्पादन को यंत्रीकृत(मैकेनाइज्ड) करने के लिए पानी और भाप का प्रयोग, द्वितीय क्रांति में उत्पादन को बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक क्षमता का उपयोग तथा तीसरी क्रांति में उत्पादन को स्वचालित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग किया गया। वेबीनार का आयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप कुमार गुप्ता एवं असिस्टेंट प्रोफेसर प्रशांत कुमार द्वारा किया गया।







