इसका एक हिस्सा पाक अधिकृत कश्मीर से गुजर रहा है, जिसका भारत विरोध कर रहा है
बीजिंग 05 मार्च 2018। चीन ने कहा है कि उसकी महात्वकांक्षी बेल्ट एंड रोड परियोजना का गलत मतलब निकाला जा रहा है। बता दें कि पाक अधिकृत कश्मीर से गुजरने के कारण भारत इस परियोजना का विरोध कर रहा है। बीआरआई को पहले वन बेल्ट, वन रोड के नाम से जाना जाता था और यह चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की पहल है। इसके तहत प्राचीन सिल्क रोड व्यापार मार्ग के पुनरुद्धार के लिए एशिया को यूरोप और अफ्रीका से रेल, समुद्र और सड़क मार्ग के जरिए जोड़े जाने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भारत और चीन के बीच विवाद की बड़ी वजह है, क्योंकि इसका एक हिस्सा पाक अधिकृत कश्मीर से गुजर रहा है, जिसका भारत विरोध कर रहा है। अब चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा है कि बेल्ट एंड रोड पहल को भू-रणनीतिक हथकंडा कहना इस परियोजना का गलत मतलब निकालना है। उन्होंने कहा, पांच साल पहले राष्ट्रपति शी ने इस परियोजना को सामने रखा था। पिछले पांच सालों में सभी पार्टियों के सहयोग से यह पहल कार्य के रूप में बदल रही है, इसे विचार से असलियत में उतारा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारत ने पिछले साल मई में चीन द्वारा आयोजित बेल्ट एंड रोड फोरम का बहिष्कार किया था। भारत ने पाक अधिकृत कश्मीर से इस परियोजना के गुजरने को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी। कई देशों ने जहां इस परियोजना को लेकर चिंता जाहिर की थी, वहीं चीन का दावा है कि 74 देश और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इसे लेकर सहयोग पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। फोटो साभार: गूगल







