नई दिल्ली, 08 अप्रैल। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने शुक्रवार को भारतीय कंपनियों को अपने यहां निवेश का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रहा है और उद्योगों को प्रोत्साहन दे रहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल के बुनियादी ढांचा, पर्यटन, बिजली, कृषि और आईटी क्षेत्र में निवेश के काफी अवसर हैं।
शुक्रवार को भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) तथा अन्य उद्योग मंडलों द्वारा आयोजित भारत-नेपाल व्यापार मंच की बैठक को संबोधित करते हुए ओली ने कहा कि नेपाल में एक मजबूत और स्थिर सरकार है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति सुधरी है। नेपाल विदेशी निवेश के लिए सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हमें सभी क्षेत्रों में भारी भरकम निवेश की जरूरत है।
ओली ने कहा कि भारतीय निवेशकों ने दुनिया भर में निवेश किया है। तो क्यों नहीं वे अपने पड़ोस में आते हैं। भौगोलिक रूप से नजदीकी, आसान पहुंच तथा सांस्कृतिक समानताओं की वजह से आपको नेपाल में अच्छा महसूस होगा। नेपाली प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे यहां किसी भी क्षेत्र में निवेश करना काफी फायदे का सौदा है। यह निवेशकों को एक बड़ा बाजार भी उपलब्ध कराता है।







