पुलिस ने 12 आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस्लामाबाद, नई दिल्ली, 29 मार्च। पाकिस्तान में बलात्कार का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। पंजाब प्रांत में पुलिस ने 12 लोगों को इसलिए गिरफ्तार किया है क्योंकि इन लोगों ने एक रेपिस्ट को माफ करने के बदले में रेप पीड़िता के भाई को आरोपी की बहन संग रेप करने की इजाजत दे दी थी।
जानकारी के मुताबिक एक शख्स ने टोबा टेक सिंह जिले में 20 मार्च को महिला संग बलात्कार किया। आरोपी के परिवार वालों ने पीड़ित के परिवार से माफी मांगी। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता का परिवार माफी देने के लिए मान भी गया लेकिन उनकी शर्त थी कि पीड़िता का भाई आरोपी की बहन के साथ भी वही कृत्य करेगा जो उसकी बहन संग हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता के भाई ने आरोपी की बहन के साथ 21 मार्च को रेप किया। यह मामला सामने तब आया जब एक पुलिस अफसर ने देखा कि दोनों परिवारों ने कानूनी दस्तावेज जमा किए जिसमें, एक-दूसरे पर केस न दर्ज करने को लेकर सहमति दी गई थी। पुलिस ऑफिसर ने इस बारे में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी की बहन सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
खबरों के मुताबिक, पंजाब प्रांत में बदले के लिए रेप का यह दूसरा मामला सामने आया है। बीते साल जुलाई में भी एक गांव की पंचायत ने 16 साल की बच्ची के रेप की इजाजत दे दी थी क्योंकि उसके भाई ने एक 12 साल की बच्ची का रेप किया था। यह रेप पीड़िता के परिवारवालों और पंचायत के 40 सदस्यों के सामने किया गया था।







