भारत ने उकसाया तो जेहाद छेड़ेंगे: पाक राष्ट्रपति
नई दिल्ली,14 अगस्त 2019: जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने से पाकिस्तान कितना परेशान यह बात आज पाक राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने अपनी बातों से जाहिर कर दिया। और अब बौखलाए पाकिस्तान की तरफ से लगातार गीदड़ भभकी देने का सिलसिला जारी है।
बता दें कि पाकिस्तान में आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भारत में जेहाद की धमकी दी है। आरिफ अल्वी ने कहा कि वैसे तो पाकिस्तान युद्ध नहीं चाहता है, पर अगर भारत युद्ध करता है, तो पाकिस्तान के पास जेहाद और मुकाबला करने के अलावा कोई भी रास्ता नहीं होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया देख रही है कि पाकिस्तान कश्मीर के लोगों के साथ खड़ा है और उनका हमेशा साथ देने को तैयार है, पाकिस्तान कश्मीरियों की मदद करना नहीं रोकेगा।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस मामले को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद तक जाएगा। भारत पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत ने जम्मू-कश्मीर पर इस तरह का फैसला लेकर संयुक्त राष्ट्र के नियमों का उल्लंघन किया है। इसी के साथ उन्होंने भारत पर शिमला समझौते को तोड़ने का आरोप भी लगाया। जिसकी परवाह पाकिस्तान ने खुद कभी नहीं की।







