जबालिया 14 मार्च 2018। फिलस्तीन के प्रधानमंत्री रामी हमदल्ला के काफिले के गाजा पट्टी में प्रवेश करते ही एक विस्फोट हो गया। प्रधानमंत्री की फतह पार्टी ने इस गाजा आंतकवादियों द्वारा किया गया हत्या का एक प्रयास बताया। प्रधानमंत्री के काफिले के गाजा में प्रवेश करने के थोड़ी देर बाद ही यह विस्फोट हुआ। विस्फोट में हमदल्ला को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वह पट्टी के उत्तरी हिस्से में बहुतप्रतीक्षित जल-मल शोधन संयंत्र परियोजना का उद्घाटन करने के लिए चले गए। लेकिन फतह ने फौरन ही गाजा के इस्लामी हमास शासकों को काफिले पर कायराना हमले का जिम्मेदार ठरहाया। इसके साथ ही दोनों विरोधी धड़ों के बीच तनाव और बढ़ गया।
इस ताकतवार विस्फोट से हमदल्ला के काफिले के तीन वाहनों को नुकसान हुआ,उनकी खिड़कियां टूट गईं। एक वाहन के दरवाजे पर खून के निशान भी मिले है। हमास के नियंत्रण वाले गाजा में हमदल्ला जल-मल शोधन संयंत्र का उद्घाटन करने आए थे। उन्होंने वहां कहा कि यह हमला विभाजन को खत्म करने की उनकी इच्छा को नहीं रोक सकता। ये दोनों विरोधी धड़े वर्ष 2007 से मित्रता करने का प्रयास कर रहे हैं जब हमास ने यहां फतह के सुरक्षा बलों से नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया था। गाजा पर नियंत्रण के साथ ही फलस्तीन में दो विरोधी सरकारें स्थापित हो गईं। गाजा में हमास और इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में फिलस्तीनी अधिकरण का राज है। हमदल्ला का यह दौरा गाजा में जारी संकट के बीच हुआ है। गाजा की बर्बाद हुई अर्थव्यवस्था पर चर्चा के लिए बुधवार को व्हाइट हाउस भी एक विशेष बैठक का आयोजन कर रहा है।







