नई दिल्ली, 30 सितम्बर 2018: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान को आड़े हांथों लेते हुए कहा की पाकिस्तान सरासर झूठ बोल रहा है। उन्होंने शनिवार को महासभा में विश्व के नेताओं से सवाल किया कि हत्यारों को महिमामंडित करने वाले देश के साथ ‘आतंकी रक्तपात’ के बीच कैसे वार्ता की जा सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान को दिए तीखे जवाब में उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद से बातचीत के लिए भारत ने कई प्रयास किए हैं और इसे रोके जाने का एकमात्र कारण पाकिस्तान का व्यवहार है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम पर वार्ता प्रक्रिया को रोकने का आरोप हैं। यह पूरी तरह से झूठ है। हमारा मानना है कि बातचीत सबसे जटिल विवादों को हल करने का एकमात्र तर्कसंगत माध्यम है। पाकिस्तान के साथ बातचीत कई बार शुरू हुई। अगर वे रुक गई तो इसका एकमात्र कारण सिर्फ पाकिस्तान का आचरण था।’ सुषमा यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा के 73 वें सत्र को संबोधित कर रही थीं।







