बर्लिन, 11 जून 2018। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 सम्मेलन के बाद एक संयुक्त बयान से पीछे हट कर यूरोप के साथ विश्वसनीय संबंध को तार-तार कर दिया। ये बातें जर्मन विदेश मंत्री मेको मास ने रविवार को कहीं। मास ने कहा, ‘आप महज एक ट्वीट कर बहुत तेजी से विश्वास खो देते हैं।’
विदित हो कि जर्मन विदेश मंत्री का यह बयान तब आया जब ट्रंप ने जी-7 के दौरान आमराय वाले एक बयान के शब्दों को खारिज कर दिया था, जिसमें कहा गया था, ‘एकजुट यूरोप अमेरिका फर्स्ट का जवाब है।’ ट्रंप के इस कदम की जर्मनी के राजनीतिक गलियारों में व्यापक निंदा हो रही है।
इस बीच, वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार लैरी कुदलोव ने रविवार को कहा, “कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूदो ने जी-7 सम्मेलन में हमारी पीठ में छुरा घोंपा।” कुदलोव ने कहा कि अमेरिका को जस्टिन के संवाददाता सम्मेलन में दिए बयान पर ऐतराज है। उन्होंने कहा, ‘ हम सद्भावना के साथ बयान में शामिल हुए थे।’ हालांकि, इसके बाद ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधियों को बयान को मंजूरी नहीं देने का निर्देश दिया है।







