वॉशिंगटन, 08 अप्रैल। पिछले दिनों दुनिया के कई देशों के द्वारा रुस से संबंध खराब करने के बाद अब व्हाइट हाउस ने कहा है कि ट्रम्प प्रशासन रूस के साथ सकारात्मक संबंध चाहता है, लेकिन इसके लिए रूस को अपने बर्ताव में उल्लेखनीय बदलाव लाने की आवश्यकता है। अमेरिकी प्रशासन द्वारा रूस के सात कुलीनों, 12 कंपनियों एवं 17 शीर्ष अधिकारियों और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगियों पर प्रतिबंध लगाये जाने के कुछ ही घंटे बाद व्हाइट हाउस की यह टिप्पणी सामने आयी है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव साराह सैंडर्स ने कहा, रूसी सरकार के साथ हम सकारात्मक संबंध चाहते हैं लेकिन उन्हें निश्चित रूप से अपने बर्ताव में उल्लेखनीय बदलाव लाने की आवश्यकता है।’

साराह ने कहा, अमेरिकी कांग्रेस की इच्छा को ध्यान में रखते हुए ये प्रतिबंध एवं पूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई यह साबित करती है कि राष्ट्रपति ट्रंप का यह कहना बिल्कुल सही है कि कोई भी रूस पर सख्त नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि अब गेंद रूसी के पाले में है क्योंकि उनकी कार्रवाई ही यह फैसला करेगी कि निकट भविष्य में रूस के साथ अमेरिकी संबंध का स्वरूप क्या होगा।
उन्होंने कहा, जैसा कि राष्ट्रपति ने कहा कि वह रूस के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं लेकिन यह रूस की कुछ कार्रवाइयों पर निर्भर करने वाला है। अमेरिका के शीर्ष सांसदों ने रूस पर प्रतिबंधों का स्वागत किया है।







