नयी दिल्ली, 24 अक्तूबर : सरकार ने गेहूं के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) आज 110 रूपए बढाकर 1,735 रपये प्रति क्विंटल किया। साथ ही चना और मसूर के एमएसपी में भी 200 रपये प्रति क्विंटल की बढोत्तरी की है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इन फसलों का उत्पादन बढाने और कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए सरकार ने यह फैसला किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने आज 2017-18 के लिए पूरी रबी की फसल के लिए एमएसपी की मंजूरी दी। एमएसपी वह मूल्य होता है जिस पर सरकार किसानों से खाद्यान्न की खरीद करती है।
सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल ने गेहूं का एमएसपी 110 रूपए बढाकर 1,735 रपये प्रति क्विंटल किया है। पिछले साल यह 1,625 रपये प्रति क्विंटल था।
चना और मसूर की खेती को बढावा देने के उद्देश्य से इनके एमएसपी में प्रत्येक में 200 रूपए की बढोत्तरी की गई है और नयी कीमत क्रमश: 4,200 और 4,150 रूपए प्रति क्विंटल होगी।
सूत्रों ने बताया कि तिलहन में रैपसीड, सरसों और सूरजमुखी के बीज के एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। कीमतों में यह वृद्धि कृषि मूल्य एवं लागत आयोग की सिफारिशों के अनुरप है।







