भाजपा कार्यालय पर बुधवार को हुई कार्यशाला, राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने बताई बजट की बारिकियां
केन्द्र और राज्य सरकार के बजट की विशेषताओं को भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को बताएंगे। भाजपा पदाधिकारियों को बजट की अच्छाइयों को बताने के लिए जिला स्तर पर कार्यशाला आयोजित करेगी। बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पहली कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने पदाधिकारियों को बजट की बारीकियां बताईं। कार्यशाला के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि केन्द्र और राज्य का बजट जनहितकारी है। बजट में सबके विकास की व्यवस्था की गयी है।

उन्होंने कहा कि नई तेजस ट्रेन से टूरिस्ट की संख्या बढेगी। भारत फाइव ट्रिलियन डालर की ओर बढ़ रहा है। इसको लेकर भारत सरकार आगे बढ़ रही है। सरकार ने सौर ऊर्जा के लिए बजट में प्रावधान किया है, जिससे किसानों को काफी लाभ होगा। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि बजट मेें छोटे व्यापारियों को काफी सहुलियत दी गयी है।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार व योगी सरकार के जनकल्याणकारी बजट की जानकारी आमजनमानस तक पहुंचे और जनमानस उससे लाभान्वित हो। इसके लिए पार्टी बजट कार्यशाला के माध्यम से प्रदेश के सभी 6 क्षेत्रों के प्रमुख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करके उन्हें जनता के बीच बजट की सारी जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार करेंगी। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यशाला में बजट के महत्वपूर्ण तथ्याें के बारे में जानकारी दी गयी है, जिसे पदाधिकारी आगे कार्यकर्ताओं को बताएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों में 10 मार्च तक जिला कार्यशालाएं आयोजित की जायेगी। प्रदेश कार्यशाला में प्रशिक्षित होकर पार्टी के कार्यकर्ता जिले में आयोजित होने वाली गोष्ठियों के माध्यम से व्यवसायिक, व्यापारी संगठनों व प्रबुद्ध वर्ग के बीच बजट से संबंधित जानकारियों को लेकर पहुंचेंगे। देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था की नींव को मजबूत करने तथा प्रत्येक नागरिक को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास का संकल्प लेकर बनाये गये। आम बजट की जानकारी लेकर पार्टी गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला, दलित, वंचित, शोषित की दहलीज पर पहुंचेगी।






