योगी सरकार के तीस माह(4)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उम्मीद है कि अर्थव्यवस्था की सुस्ती शीघ्र ही दूर होगी। केंद्र सरकार इसके प्रति गम्भीर है। इसके मद्देनजर सरकार कदम भी उठा रही है। पर्याप्त प्रबंधन भी किया जा रहा है। इसी के साथ योगी ने बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर उनको सहायता उपलब्ध कराई। घरेलू कम्पनियों को वित्तीय राहत पहुंचाने सम्बन्धी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री व केंद्रीय वित्त मंत्री को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने भारतीय अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डाॅलर का बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके दृष्टिगत केन्द्र सरकार द्वारा आज लिए गए फैसलों से विकास और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय अर्थव्यवस्था का विस्तार होगा।
योगी आदित्यनाथ इस बयान के साथ ही बाढ़ पीड़ितों को आपदा राहत प्रदान की। उन्होंने प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की पड़ताल भी की। बाढ़ प्रभावित लोगों को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है। प्रशासन को निर्देश दिये गये हैं कि बाढ़ पीडितों को पर्याप्त राहत सामग्री, भोजन, पानी आदि आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं।
यहां मुख्यमंत्री को जानकारी हुई कि एक बच्चे का आज जन्मदिन है, उन्होंनेे बच्चे के हाथो से केक कटवाया तथा उसे जन्मदिन की बधाई दी।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर बाढ़ राहत के प्रबन्ध कर लिये गये हैं। चम्बल, बेतवा, केन में जलस्तर बढ़ने पर पानी छोड़ा गया, इससे यमुना नदी में अत्यधिक पानी आ गया है। प्रभावित क्षेत्रों में नाव लगाकर बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। नाव से बाढ़ पीड़ितों को बाढ़ राहत शिविरों में सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है। बाढ़ राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को पर्याप्त मात्रा में भोजन तथा पानी के अलावा मूलभूत सुविधायें दी जा रही हैं। पशुओं के लिए भी पर्याप्त मात्रा में चारा की व्यवस्था का भी निर्देश दिया गया। प्रशासन को चिकित्सकों की उपस्थिति के साथ दवाओं की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनाये रखने के निर्देंश दिये गये हैं। जल स्तर बढ़ने से किसी प्रकार की जनहानि होने पर चौबीस घण्टे में मुआवजा की धनराशि देने के निर्देश भी दिये गये हैं।
काशी में उन्होंने कहा कि बाढ़ की गम्भीरता के दृष्टिगत पुनः बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों एवं पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराए जाने के लिए भ्रमण किया जा रहा है। योगी ने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं विलम्ब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार पूरी तरह संवेदनशील हैं। बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए जिलों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को समयानुसार शुद्ध भोजन की व्यवस्था के साथ साथ पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा भी सुनिश्चित कराई गई है।
इसी के साथ योगी ने गाजीपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति की जानकारी प्राप्त की। यहां भी उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित की। आपदा पीड़ितों को शासन से भरपूर धनराशि उपलब्ध कराई गयी है एवं जिला प्रशासन को पहले ही निर्देश जारी कर अलर्ट कर दिया गया है। जिलाधिकारी को राहत शिविरों पर सफाई, दवा की उपलब्धता एवं चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।
– डॉ दिलीप अग्निहोत्री