उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में विदेशी पटाखे बेचने पर रोक लगा दी गयी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने आज यहां बताया कि जिले में पटाखा बेचने वालों को हिदायत दी गयी है कि वे विदेशी पटाखों की बिक्री न करें। अपनी दुकानों के बाहर लाइसेन्स लगाएं और एहतियात बरतें ताकि पटाखों में धमाका होने से दुर्घटनाएं घटित न हो सकें। पटाखे निर्धारित स्थान पर ही बिकेंगे और थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज इस पर निगरानी रखेंगे।
श्री कुमार ने बताया कि इस बीच, पुलिस ने सहारनपुर मण्डी क्षेत्र में पटाखों के एक अवैध गोदाम पर छापा मारकर तीन लोगों वकील अहमद, विपिन कुमार और रुपचंद को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किये। बरामद किये गये पटाखे हरियाणा और पंजाब से लाए गए हैं।
जिला प्रशासन ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह को संवेदनशील स्थानों की जाँच के निर्देश दिए हैं। पटाखा दुकानदारों को पटाखों की बिक्री के दौरान तमाम तरह की सावधानियां बरते जाने को भी कहा गया है।







