लखनऊ।: बाबा राघव दास मेडिकल कालेज, गोरखपुर के पूर्व प्राचार्य और उनकी पत्नी को बच्चों की मौत के मामले में यूपी स्पेशल टास्क फोर्स ने पूछताछ के लिये कानपुर से हिरासत में ले लिया। इस महीने की शुरूआत में मेडिकल कालेज में 48 घंटे में 60 बच्चों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की थी जिसकी रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी और इन दोनों का नाम इसमें था। एसटीएफ एक अधिकारी ने बताया कि बाबा राघव दास मेडिकल कालेज के पूर्व प्राचार्य डा. राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी डा. पूर्णिमा शुक्ला को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है। उन्होंने इसके अलावा कोई और जानकारी देने से इंकार कर दिया। इस मामले में लखनउ के हजरतगंज थाने में नौ लोगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी जिसमें पूर्व प्राचार्य और उनकी पत्नी भी शामिल थे। यह मामला यहां से गोरखपुर स्थानांतरित कर दिया गया है। इस प्राथमिकी में मेडिकल कालेज को आक्सीजन की आपूर्ति करने वाली कंपनी मेसर्स पुष्पा सेल्स का भी नाम था।






