लखनऊ 12 जून :उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने अन्तरजिला वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों समेत आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के वाहन,मोबाइल और लूट का सामान बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने यहां बताया कि महानगर इलाके से मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों सलमान और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार कर उनके पास से एक दुकान से चोरी किए गये 23 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोनों की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा गुडम्बा क्षेत्र से पुलिस वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों मोहम्मद सोहेल, अब्बास अली और सत्तन सिंह को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कुकरैल बांध के पीछे झाडियों में छुपाकर रखी गई चोरी की 27 मोटरसाइकिलें बरामद की गई। उन्होंने बताया कि इन मोटरसाइकिलों को गोण्डा, बहराइच एवं नेपाल ले जाकर बेचने की फिराक में थे लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब इन मोटरसाइकिलों को कबाडी को कटवाने के लिए यहां छुपा रखा था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
श्री कुमार ने बताया कि इसके अलावा पीजीआई इलाके से पुलिस ने महिलाओं के पर्स लूटने वाले तीन बदमाशों संजय पाल, शिवम सिंह और मनीष मौर्य को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन और कुछ नगदी बरामद की गई।






